हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
लिए हाथ में फावड़ा - कुदाल
निकले घर से मजदूरी खातिर
जेठ दोपहरी में जलती खाल
मालिक रखे इन पर नजर शातिर .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
वह सर पर बोझ उठाके चलती
चकरघिन्नी - सी नाचे सुबह - शाम
परिश्रम की चक्की में वह पिसती
हर मौसम में करे हाड तोड़ काम .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
पाषाणों में ये जान डालकर
भूख की अंगीठी ये है बलती
चुनौतियों से हार न मानकर
ताज - मीनार जगमगाती गढ़ती .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
न जाने बही - खाते का हिसाब
वे हैं अनपढ़ गंवई - गंवार
करती मजदूरी बिना हिसाब
इन्हें मिले साक्षरता का अधिकार .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
अपने गाँव - घर से पलायन कर
ले आता है इन्हें ठेकेदार
करे इनका दोहन - शोषण जी भर
होती ये यौन हिंसा की शिकार .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
नवजात को अपने संग ले के
निकलती है घर से बाहर
दोहरी जिम्मेदारी निभाके
सारी खुशियों से भर देती घर .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
नहीं होता इनका ठौर - ठिकाना
नीला आसमान होती छत
जमीन ही होती आशियाना
धूम्रपान - नशे की होती लत .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
उन्हें बेगारी के अनुबंध पर
मजदूरी करनी मजबूरी है
बंधुआ गुलामी के तटबंध पर
करे मालिक की इच्छा पूरी है .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
न मिलता इन्हें परिश्रम का मोल
न मिले इन्हें सुरक्षा - अवकाश
मिले काम पर दमघोंटू - माहौल
तो भी करें जग निर्माण - विकास .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
नहीं मिलता है इनको सम्मान
नहीं मिलता है इनको पुरस्कार
नहीं मिलती है इनको पहचान
तनाव - थकान रहें ये बीमार
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
चला के ' बंधुआ मुक्ति मुहिम ' से
करे सरकार समस्या समाधान
दें नवजीवन इन्हें पुनर्वास से
बनाए सरकार कठोर विधान .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार
बनाए ऐसी व्यवस्था सरकार
हो इनके बच्चों की देखभाल
' श्रममेव जयते ' का हो जयकार
शिक्षा , स्वास्थ से हो ये खुशहाल .
हाँ मैं हूँ मेहनतकश महिला कामगार
ज्यादा काम करने पर मिले है कम पगार .
डा . मंजु गुप्ता
19 , द्वारका , प्लाट 31
सेक्टर 9 A ,
वाशी , नवी मुंबई
पिनकोड - 400703
writermanju@gmail.com
फोन - 09833960213
-------–------////-/////

No comments:
Post a Comment